शिर्डी से ‘तेरा साईं’ की रिलीज डेट का ऐलान, 5 फरवरी 2027 को सिनेमाघरों में पहुंचेगी फिल्म
नई दिल्ली। भारत की आध्यात्मिक परंपरा में शिर्डी आस्था, मानवता और आपसी भाईचारे का ऐसा केंद्र है, जहां विभिन्न समुदायों के लोग श्रद्धा के साथ पहुंचते हैं। इसी आध्यात्मिक वातावरण में फिल्म ‘तेरा साईं’ की रिलीज डेट का आधिकारिक ऐलान किया गया। निर्माता शैलेश एस. सांघवी और निर्देशक पलाश मुच्छल ने शिर्डी पहुंचकर साईं बाबा का आशीर्वाद लिया और घोषणा की कि फिल्म 5 फरवरी 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
साईं बाबा के जीवन, उनके उपदेशों और मानवता के सार्वभौमिक संदेश पर आधारित इस फिल्म की रिलीज डेट की घोषणा शिर्डी से किया जाना इसके भावनात्मक और आध्यात्मिक पक्ष को रेखांकित करता है। फिल्म की कहानी श्रद्धा, मानवता और आशा जैसे मूल भावों के माध्यम से साईं बाबा के विचारों को दर्शकों तक पहुंचाने का प्रयास करती है।
पलाश मुच्छल द्वारा लिखित और निर्देशित फिल्म में अनुभवी अभिनेता संजय मिश्रा साईं बाबा की मुख्य भूमिका में नजर आएंगे। उनके साथ सयाजी शिंदे, मनोज जोशी, ओमकार दास माणिकपुरी, अविका गौर और रोहन मेहरा महत्वपूर्ण भूमिकाओं में दिखाई देंगे। निर्देशक ने साईं बाबा के कालखंड को प्रामाणिकता के साथ प्रस्तुत करने और कथा को मानवीय मूल्यों से जोड़ने का प्रयास किया है।
एस3 फिल्म्स के बैनर तले निर्माता शैलेश एस. सांघवी की यह महत्वाकांक्षी परियोजना पूरी तरह शूट हो चुकी है और फिलहाल पोस्ट-प्रोडक्शन चरण में है। फिल्म के वितरण के लिए सिनेपोलिस इंडिया का साथ मिला है। फिल्म हिंदी, मराठी, तेलुगु और तमिल भाषाओं में एक साथ 5 फरवरी 2027 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
- अनुष्का चौहान
Comments
Post a Comment