नेशनल हेल्थ अवार्ड से सम्मानित हुए प्रो. डॉ. वाजिद नज़ीर
शबाना अज़ीम
नई दिल्ली। देश के जाने-माने न्यूरोसर्जन और जी.बी. पंत अस्पताल में प्रोफेसर प्रो. डॉ. वाजिद नज़ीर को हाल ही में फ़ेस ग्रुप द्वारा आयोजित नेशनल हेल्थ अवार्ड से सम्मानित किया गया।
यह सम्मान कांस्टीट्यूशन क्लब में आयोजित भव्य समारोह में प्रदान किया जाना था, लेकिन व्यस्त चिकित्सकीय दायित्वों के कारण प्रो. डॉ. वाजिद नज़ीर उस कार्यक्रम में शामिल नहीं हो सके। इसके बाद फ़ेस ग्रुप की विशेष पहल के तहत उन्हें यह प्रतिष्ठित सम्मान उनके कार्यालय में जाकर प्रदान किया गया।
फ़ेस ग्रुप के चेयरमैन डॉ. मुश्ताक़ अंसारी ने स्वयं प्रो. डॉ. वाजिद नज़ीर को यह अवार्ड प्रदान करते हुए कहा कि ब्रेन और स्पाइन सर्जरी के क्षेत्र में उनका योगदान देश के लिए गर्व का विषय है। चिकित्सा के साथ-साथ समाजसेवा में उनकी सक्रिय भूमिका उन्हें एक विशिष्ट पहचान देती है।
इस अवसर पर प्रो. डॉ. वाजिद नज़ीर ने सम्मान स्वीकार करते हुए कहा कि मैं फ़ेस ग्रुप और डॉ. मुश्ताक़ अंसारी का हृदय से आभारी हूँ। यह सम्मान केवल मेरा नहीं, बल्कि उन सभी मरीजों, सहयोगियों और समाजसेवी साथियों का है, जिनके साथ मिलकर मैं सेवा का यह कार्य कर पा रहा हूँ। मेरा प्रयास हमेशा रहेगा कि चिकित्सा के माध्यम से समाज के अंतिम व्यक्ति तक स्वास्थ्य और आशा पहुँच सके।
प्रो. डॉ. वाजिद नज़ीर न केवल एक उत्कृष्ट न्यूरोसर्जन हैं, बल्कि वे दिल्ली की झुग्गी-बस्तियों और वंचित क्षेत्रों में रहने वाले बच्चों की शिक्षा, स्वास्थ्य और पोषण के लिए भी निरंतर कार्य कर रहे हैं, जो उन्हें एक संवेदनशील और करुणामय व्यक्तित्व के रूप में स्थापित करता है।
Comments
Post a Comment