इंसानियत, सब्र, इंसाफ़ और रहमत का पैग़ाम देता है क़ुरआन : मुफ़्ती सालिम क़ासमी

 


देश और दुनिया में अमन शांति के लिए की गई ख़ास दुआ 


नई दिल्ली 28 फ़रवरी। अराम पार्क इलाके में स्थित मदरसा इस्लामिया अरबिया इज़हारुल उलूम में तरावीह की नमाज़ के दौरान क़ुरआन मजीद मुकम्मल होने के बाद एक मज़हबी और बेहद रूहानी  महफ़िल का आयोजन किया गया। इस अवसर पर ख़ास दुआ का एहतमाम भी किया गया और क़ुरआन की फ़ज़ीलत, उसकी अहमियत और इस्लामी तालीम की ज़रूरत पर विशेष तक़रीर पेश की गई।

हाफिज़ व क़ारी मुख्तार अहमद नदवी ने तरावीह की नमाज़ में क़ुरआन मुक़म्मल किया, जबकि हाफ़िज़ मोहम्मद ओवैस ने मुकम्मल क़ुरआन मजीद सुनने की सआदत हासिल की। इस मुक़द्दस मौके पर मस्जिद नूरुल्लाह के इमाम मुफ़्ती सालिम क़ासमी ने पूरे एहतराम और ख़ुशू-ओ-ख़ुज़ू के साथ ख़ास दुआ कराई, जिसमें उम्मत की भलाई, मुल्क की तरक़्क़ी और दुनिया व देश में अमन-ओ-शांति की दुआएं मांगी गईं।


दुआ से पहले अपने ख़िताब में मुफ़्ती सालिम क़ासमी ने क़ुरआन की फ़ज़ीलत बयान करते हुए कहा कि क़ुरआन सिर्फ़ तिलावत की किताब नहीं, बल्कि ज़िंदगी का मुकम्मल दस्तूर है। उन्होंने ज़ोर देते हुए कहा कि हमें इस बात की गहरी फ़िक्र करनी होगी कि हमारे समाज का हर बच्चा क़ुरआन की बुनियादी और मुकम्मल तालीम हासिल करे। अगर हमारी नई नस्ल क़ुरआन से जुड़ी रहेगी, तो उसका किरदार, अख़लाक़ और ज़िंदगी का हर पहलू बेहतर होगा। क़ुरआन इंसान को इंसानियत, सब्र, इंसाफ़ और रहमत का पैग़ाम देता है। इसलिए क़ुरआन की तालीम  बहुत ज़रूरी है।

उन्होंने यह भी कहा कि वालिदैन और उस्तादों की ज़िम्मेदारी है कि वे बच्चों को दीनी और दुनियावी तालीम के साथ-साथ क़ुरआन की समझ भी दें, ताकि वे एक बेहतरीन नागरिक और नेक इंसान बन सकें।


कार्यक्रम का संचालन डॉ० मुश्ताक़ अंसारी ने किया। इस रूहानी महफ़िल में हाफिज सलीम अहमद, मोहम्मद यूसुफ़, मौलाना साबिर, हाफिज इश्त्याक़, हाफिज अब्दुल मन्नान, हाफिज अनवार, मौलाना रिज़वानुल्ला नदवी, खालिद सिद्दीक़ी, हाजी यूसुफ़ इदरीसी, हाजी इक़बाल सैफ़ी, इश्त्याक़ अंसारी पहलवान, नूर मोहम्मद सैफ़ी, नसीम अंसारी, नासिर मलिक, चौधरी मुमताज़ अली चिश्ती, मौहम्मद यामीन अंसारी और अब्दुल कलाम सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।

Comments

Popular posts from this blog

राजनीतिक स्वार्थ के देशवासियों को विभाजित कर रही है भाजपा : उदित राज

शार्प साइट आई हॉस्पिटल के स्वास्थ्या विहार सेंटर ने मनाई दूसरी वर्षगांठ, आस्था और सेवा का संगम बना समारोह

फेस ग्रुप के ‘नेशनल हेल्थ अवार्ड’ की तैयारियाँ पूरी रफ़्तार पर, स्वास्थ्य क्षेत्र के दिग्गजों को दिया जाएगा सम्मान