तरहबीह की नमाज़ में की गई देश और दुनिया में अमन शांति की दुआ : भाई मेहरबान क़ुरैशी
नई दिल्ली। रमज़ान के पवित्र माह में इबादत और आध्यात्मिक अनुशासन की एक अहम कड़ी मानी जाने वाली तरावीह की नमाज़ में क़ुरआन शरीफ़ मुकम्मल होने पर दुआ का आयोजन इस वर्ष भी सदर बाज़ार स्थित भाईचारा समिति एवं ऑल इंडिया जमीयतुल कुरैश के दिल्ली कार्यालय में किया गया। पिछले लगभग 30 वर्षों से लगातार जारी इस परंपरा को इस साल भी पूरी ज़िम्मेदारी के साथ निभाया गया।
इस मौक़े पर पत्रकारों से बात करते हुए भाई मेहरबान क़ुरैशी ने बताया कि इस वर्ष तरावीह में क़ुरआन सुनाने की जिम्मेदारी हाफिज अरमान और हाफिज हमीद ने निभाई। कारी फ़रमान की देखरेख में पूरी तरावीह का एहतमाम किया गया। रमज़ान के दौरान नियमित रूप से आयोजित इस कार्यक्रम में स्थानीय लोगों और समुदाय के सदस्यों की सक्रिय भागीदारी रही और देश व दुनिया में अमन शांति के लिए दुआ भी की गई। उन्होंने आगे बताया गया कि यह धार्मिक आयोजन केवल इबादत तक सीमित नहीं है, बल्कि आपसी भाईचारे और सामुदायिक एकता को भी मजबूत करने का माध्यम है।
तरावीह मुकम्मल होने के बाद भाई मेहरबान (पूर्व चेयरमैन, एफ.पी. एवं ई.एम.सी., गाज़ीपुर मंडी, दिल्ली सरकार) तथा ऑल इंडिया जमीयतुल कुरैश के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष ने हाफिज साहबान को शॉल और फूलमाला पहनाकर सम्मानित किया तथा उन्हें बधाई दी। इस आयोजन की संपूर्ण जिम्मेदारी फैसल मेहरबान ने संभाली जिससे कार्यक्रम सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सका। इस मौक़े पर ऐहसान क़ुरैशी, अबूज़र क़ुरैशी, हाजी जाने आलम, हाजी शहज़ादे क़ुरैशी, अशरफ़ क़ुरैशी, मुस्तफ़ा क़ुरैशी, गुलफाम क़ुरैशी और सिराज अहमद आदि गणमान्य व्यक्ति भी मौजूद रहे।
Comments
Post a Comment