फ़ेस ग्रुप और शाह पॉली क्लिनिक एंड मेडिकल सेंटर ने डॉ. हम्माद अहमद को सामाजिक व चिकित्सीय सेवाओं के लिए किया सम्मानित
नई दिल्ली। राजधानी में आयोजित एक सम्मान समारोह में चिकित्सा क्षेत्र में सक्रिय युवा चिकित्सक डॉ. हम्माद अहमद को उनकी सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया। यह सम्मान फेस ग्रुप द्वारा आयोजित कार्यक्रम में प्रदान किया गया, जहां विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े गणमान्य लोगों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज सेवा और जनहित में कार्य करने वाले व्यक्तियों को प्रोत्साहित करना था।
डॉ. हम्माद अहमद पिछले कई वर्षों से शाह पॉलीक्लिनिक एंड मेडिकल सेंटर में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। इस क्लिनिक का संचालन डॉ. खालदा हनीफ और डॉ. कमरुल हक़ द्वारा किया जाता है। डॉ. हम्माद ने यहां दोनों वरिष्ठ चिकित्सकों के सहायक के रूप में कार्य करते हुए मरीजों की देखभाल और चिकित्सा सेवाओं में सक्रिय भूमिका निभाई है।
फेस ग्रुप द्वारा आयोजित चिकित्सा शिविरों और स्वास्थ्य संबंधी सामाजिक गतिविधियों में डॉ. हम्माद के योगदान को ध्यान में रखते हुए उन्हें विशेष रूप से सम्मानित किया गया। साथ ही शाह पॉलीक्लिनिक एंड मेडिकल सेंटर की ओर से भी उन्हें सम्मान प्रदान किया गया।
यह सम्मान दिल्ली सरकार के कानून एवं संस्कृति मंत्री कपिल मिश्रा, दरगाह हजरत निजामुद्दीन औलिया के चीफ इंचार्ज सैयद काशिफ अली निजामी, गाजीपुर मछली-मुर्गा मंडी दिल्ली सरकार के पूर्व चेयरमैन भाई मेहरबान कुरैशी, विश्व प्रसिद्ध शायरा अना देहलवी, डॉ. कमरुल हक़ तथा फ़ेस ग्रुप के चेयरमैन डॉ. मुश्ताक अंसारी के हाथों प्रदान किया गया।
पत्रकारों को जानकारी देते हुए डॉ. कमरुल हक़ और डॉ. खालदा हनीफ ने संयुक्त रूप से बताया कि डॉ. हम्माद अहमद की सेवाएं सराहनीय रही हैं। उन्होंने अपनी जिम्मेदारियों का निर्वाह अपेक्षा से अधिक बेहतर तरीके से किया है। उनके भीतर कुशल व्यवहार, ईमानदारी और कार्य के प्रति समर्पण जैसी विशेषताएं स्पष्ट रूप से दिखाई देती हैं।
फ़ेस ग्रुप के चेयरमैन डॉ. मुश्ताक अंसारी ने भी डॉ. हम्माद के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि जब भी सामाजिक सेवाओं के लिए उनकी आवश्यकता पड़ी, उन्होंने बिना किसी हिचकिचाहट और स्वार्थ के समाज की सेवा की है। यह सम्मान उनके समर्पण और सेवाभाव का प्रतीक है।
Comments
Post a Comment