भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा ने किया कलाम को सलाम अभियान के तहत मेधावी छात्र एवं सर्वश्रेष्ठ शिक्षक सम्मान
मुख्तार अब्बास नक़वी, बांसुरी स्वराज, आतिफ रशीद एवं अनिस अब्बासी भी हुए कार्यक्रम में शामिल
रफ़ीक़ अहमद
नई दिल्ली, 2 अगस्त। दिल्ली भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा द्वारा दिल्ली के एनडीएमसी कन्वेंशन सेंटर में पूर्व राष्ट्रपति डॉक्टर ए पी जे अब्दुल कलाम की पुण्यतिथि पर कलाम को सलाम अभियान के तहत मेधावी छात्र एवं सर्वश्रेष्ठ शिक्षक सम्मान का आयोजन किया गया।
दिल्ली के 300 से अधिक मेधावी छात्र एवं छात्राओं जिन्होंने 10वीं एवं 12वीं की परीक्षा में बेहतरीन प्रदर्शन किए हैं एवं लगभग 100 शिक्षकों को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर पूर्व केन्द्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नक़वी, नई दिल्ली से सांसद बांसुरी स्वराज, राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग के पूर्व उपाध्यक्ष आतिफ रशीद, अल्पसंख्यक मोर्चा अध्यक्ष अनिस अब्बासी ने सभी बच्चों को संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रभारी मोहम्मद हारुन ने किया।
पूर्व केन्द्रीय मंत्री मुख्तार अब्बास नक़वी ने सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए विपक्ष विशेषकर कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी और भारत ने कलाम साहब को ऐसे वक्त में राष्ट्रपति बनाया था जब पूरे विश्व में अल-कायदा के आतंक, और इस्लाम को सुरक्षाकवच बना कर इन्सानियत को लहूलुहान करने का शैतानी दौर चल रहा था, भारत ने दुनियाभर को संदेश दिया कि भारत में कलाम साहब जैसे नेशनलिस्ट पैदा होते हैं, बिन लादेन जैस टेररिस्ट नहीं।
श्री नकवी ने कहा कि मुसलमानों को भाजपा के प्रति असहिष्णुता, अस्पृश्यता के मिज़ाज, रिवाज से मुक्त होना होगा, वक्त आ गया है जब भाजपा के प्रति पैदा किए गए भय-भ्रम के गटर पर भरोसे का शटर लगाना होगा। संविधान, लोकतंत्र, पंथनिरपेक्षता, राष्ट्रवाद भाजपा की सैध्दांतिक प्रतिबद्धता है। भारतीय पंथनिरपेक्षता बहुसंख्यकों के संस्कार, संस्कृति, सोंच, संकल्प का परिणाम है। आज़ादी के बाद जब पाकिस्तानी बहुसंख्यक इस्लामी झण्डा फहरा रहा था तो भारत का बहुसंख्यक पंथनिरपेक्षता का झंडाबरदार बना।
श्री नकवी ने कहा कि मोदी सरकार ईमान, इक़बाल, इन्साफ के संकल्प, सोंच के साथ तीसरे कार्यकाल में निरंतरता के साथ सुशासन के सफल सफ़र को आगे बढ़ा रही है। जिसने वोट में कन्जूसी की उसके विकास में भी कमी नहीं की।
सांसद बांसुरी स्वराज ने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में आए मेधावी छात्र आज इस बात के गवाह है कि दिल्ली में हुनर की कोई कमी नहीं है सिर्फ जरुरत है तो उस हुनर को पॉलिस करना और मुझे उम्मीद है कि 27 साल बाद दिल्ली में आई भाजपा सरकार बच्चों को ना सिर्फ पॉलिस करेगी बल्कि उन्हें एक बेहतर मंच देने का भी काम करेगी क्योंकि बच्चे देश के सिर्फ भविष्य नहीं है बल्कि इस देश के राजनीति का हिस्सा बनेंगे।
बांसुरी स्वराज ने आगे कहा कि डॉक्टर कलाम साहब ने अपनी मेहनत और शिक्षा के बल पर राष्ट्रपति पद का सफ़र तय किया था और साथ ही वे संगीत के भी बड़े शौकीन थे। इसलिए आप सब से मेरी निवेदन है कि आप शिक्षा के साथ साथ अपने हुनर को भी पॉलिस करने की कोशिश करें। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी भारत को विश्व में एक विकसित राष्ट्र बनाने के लिए देश के युवाओं का रोल सबसे अहम हो जाता है इसलिए हम आज ही यह संकल्प लें कि आने वाले समय में हम विकसित भारत के सफर में अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करेंगे।
आतिफ़ राशिद ने कहा कि जिस प्रकार से शिक्षकों की मेहनत के बाद दिल्ली की मेधावी छात्रों ने परिणाम प्राप्त किया है वह इस दिल्ली को विकसित दिल्ली बनाने में एक मील का पत्थर साबित होगी। उन्होंने कहा कि दिल्ली के सभी विद्यार्थियों से अपील की कि वे एक पेड़ माँ के नाम लगाएं ताकि देश के पर्यावरण सुधार में आपका अपना योगदान हो क्योंकि आप आज के विद्यार्थी ज़रूर है लेकिन भविष्य के आप एक ज़िम्मेदारी नागरिक बनेंगे।
अनिस अब्बासी ने स्कूली बच्चों को संबोधित करते हुए अपने व्यक्तव्य में कहा कि आज हम सभी एक महान व्यक्तित्व, एक सच्चे राष्ट्रभक्त, विज्ञान के महान साधक और युवाओं के प्रेरणास्त्रोत डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम जी की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि देने का एक माध्यम है जब हम मेधावी छात्रों के साथ शिक्षकों को सम्मानित कर रहे हैं।
अनिस अब्बासी ने कहा कि डॉ. कलाम न केवल भारत के 11वें राष्ट्रपति थे, बल्कि वे भारत के हर युवा के दिल में बसने वाले "मिसाइल मैन" भी थे। उन्होंने इस देश को सिर्फ तकनीकी शक्ति ही नहीं दी, बल्कि अपने विचारों और सरल जीवन शैली से करोड़ों लोगों को जीने की दिशा भी दी।
Comments
Post a Comment