मौलाना आज़ाद शैक्षिक उत्कृष्टता सम्मान 2025 में शौक़त मुफ़्ती को मिला राष्ट्रीय सम्मान
नई दिल्ली 30 नवंबर। हिन्द गुरु, ग्रुप ऑफ़ इंस्टीट्यूशन द्वारा आयोजित मौलाना आज़ाद एजुकेशन एक्सीलेंस अवार्ड का आयोजन ओखला स्थित हिन्द गुरु अकादमी में अत्यंत गरिमापूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुआ। यह आयोजन भारत की आधुनिक शिक्षा व्यवस्था के महान शिल्पकार मौलाना अबुल कलाम आज़ाद की शिक्षा-सेवा को नमन करते हुए उन व्यक्तियों और संस्थाओं को सम्मानित करने के उद्देश्य से किया गया, जिन्होंने देश में शिक्षा के क्षेत्र को मजबूत बनाने में उल्लेखनीय योगदान दिया है।
कार्यक्रम में देशभर से आए शिक्षण संस्थानों, समाजसेवियों, शिक्षकों, प्रशिक्षण केन्द्रों, कौशल विकास संगठनों और शिक्षा नवाचार से जुड़े विशिष्ट जनों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम का सर्वाधिक महत्वपूर्ण क्षण वह रहा, जब देश के वरिष्ठ शिक्षाविद व समाजसेवी शौक़त मुफ़्ती को उनके असाधारण शैक्षिक योगदान के लिए विशेष सम्मान से विभूषित किया गया।
शौक़त मुफ़्ती, हैमदर्द लर्निंग एंड वेलफेयर सोसायटी के प्रमुख मार्गदर्शक के रूप में लंबे समय से शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य कर रहे हैं। उन्होंने देशभर में शिक्षा को सुलभ और समान अवसर वाला बनाने के लिए अथक प्रयास किए हैं। उनके नेतृत्व में समाज के सभी वर्गों के विद्यार्थियों के लिए शैक्षणिक केन्द्र स्थापित हुए, युवाओं के लिए कौशल आधारित पाठ्यक्रम आरम्भ किए गए, रोजगार मेलों का आयोजन किया गया तथा ऐसे कई अवसर पैदा किए गए, जिनका उद्देश्य युवाओं को आत्मनिर्भर और समर्थ बनाना है।
उनके कार्यों से प्रभावित होकर कार्यक्रम में उपस्थित विभिन्न गणमान्य व्यक्तियों ने कहा कि शौक़त मुफ़्ती न केवल एक विद्वान शिक्षक हैं, बल्कि सामाजिक उत्थान के प्रति समर्पित एक दूरदर्शी मार्गदर्शक भी हैं। समाज के पिछड़े और वंचित वर्गों तक शिक्षा और कौशल विकास के अवसर पहुँचाने में उनका योगदान अत्यंत प्रेरणास्पद है। यही कारण है कि हिन्द गुरु समूह ने इस वर्ष उन्हें सम्मानित कर शिक्षा जगत में उनके बहुमूल्य योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर एक नई पहचान दी है।
यह आयोजन उन सभी नायकों का उत्सव था, जो निस्वार्थ भाव से शिक्षा के माध्यम से समाज को दिशा दे रहे हैं और राष्ट्र के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव तैयार कर रहे हैं।
Comments
Post a Comment