'9वें डॉ. सरोजिनी नायडू इंटरनेशनल अवॉर्ड' से सम्मानित होंगी काजल सूरी, समाज व कला के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए चयन
नई दिल्ली। कला, मीडिया और समाज सेवा के क्षेत्र में सक्रिय अभिनेत्री, लेखिका और थिएटर विशेषज्ञ काजल सूरी को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए ‘9वां डॉ. सरोजिनी नायडू इंटरनेशनल अवॉर्ड फॉर वर्किंग वीमेन 2025’ के लिए नामांकित किया गया है। यह सम्मान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर कार्यरत महिलाओं के असाधारण योगदान को पहचान देने के उद्देश्य से प्रदान किया जाता है।
यह प्रतिष्ठित अवॉर्ड इंटरनेशनल चैंबर ऑफ मीडिया एंड एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री (ICMEI) द्वारा स्थापित किया गया है और इसे इंटरनेशनल विमेंस फिल्म फोरम (IWFF) के सहयोग से आयोजित किया जाता है। यह सम्मान उस ऐतिहासिक व्यक्तित्व डॉ. सरोजिनी नायडू की स्मृति में दिया जाता है, जिन्होंने राष्ट्र की प्रगति और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में अमूल्य योगदान दिया।
अवार्ड समिति के अध्यक्ष संदीप मारवाह, जो मारवाह स्टूडियोज के प्रमुख भी हैं, ने बताया कि काजल सूरी को समाज और मीडिया जगत में उनके निरंतर प्रयासों, सृजनात्मक कार्यों और प्रेरणादायक योगदान के लिए चुना गया है। उन्होंने कहा कि काजल सूरी की कला, नारी सशक्तिकरण और सांस्कृतिक उत्थान के क्षेत्र में दीर्घकालिक सेवाएँ अत्यंत सराहनीय रही हैं।
यह समारोह आगामी 22 नवम्बर 2025 को मारवाह स्टूडियोज, फिल्म सिटी नोएडा में आयोजित किया जाएगा। इस अवसर पर देश-विदेश की अनेक प्रख्यात महिला हस्तियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और मीडिया प्रोफेशनल्स की उपस्थिति रहने की संभावना है।
अवार्ड समिति की ओर से जारी पत्र में काजल सूरी को संबोधित करते हुए कहा गया है कि आपके समर्पण और समाज पर आपके प्रेरक प्रभाव ने समुदाय में गहरी छाप छोड़ी है। हमें यह सम्मान प्रदान करते हुए गर्व का अनुभव होगा।
गौरतलब है कि डॉ. सरोजिनी नायडू इंटरनेशनल अवॉर्ड फॉर वर्किंग वीमेन का उद्देश्य उन महिलाओं को सम्मानित करना है जिन्होंने अपने कार्यक्षेत्र में उत्कृष्ट उपलब्धियाँ हासिल कर समाज में प्रेरणा का स्रोत बनी हैं। इस सम्मान के माध्यम से न केवल महिला प्रतिभा को प्रोत्साहन मिलता है बल्कि कार्यशील महिलाओं की सामाजिक भूमिका को भी राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सम्मानजनक पहचान मिलती है।
Comments
Post a Comment