समाज सेवी मोहम्मद ताहिर का आकस्मिक निधन, आज़ाद मार्केट क्षेत्र में शोक की लहर
नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी के सीनियर वर्कर व समाज सेवी मोहम्मद ताहिर का अचानक निधन हो गया। लगभग 57 वर्ष के मोहम्मद ताहिर के निधन की खबर से आज़ाद मार्केट सहित पूरे क्षेत्र में शोक और दुख का माहौल देखा गया।
परिवार के मुताबिक मोहम्मद ताहिर अपने पीछे पत्नी, तीन बेटियाँ और एक बेटा छोड़ गए हैं। उनको मंगलवार शाम को नमाज़-ए-जनाज़ा की अदायगी के बाद पुरानी दिल्ली के सूर्यभूषण चौक स्थित कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-ख़ाक किया गया। अंतिम संस्कार में विधायक इमरान हुसैन, सोमरत शर्मा, विशेष रवि, निगम पार्षद उषा शर्मा सहित बड़ी संख्या में सामाजिक और राजनीतिक हस्तियों ने पहुंचकर श्रद्धांजलि दी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि मोहम्मद ताहिर अपने क्षेत्र में बेहद मिलनसार, सरल स्वभाव और सभी के सुख-दुख में साथ देने वाले नेता के रूप में जाने जाते थे। उनके निधन से क्षेत्र की सामाजिक गतिविधियों और जनसंपर्क कार्यों को बड़ी क्षति हुई है।
कई राजनीतिक और सामाजिक हस्तियों ने दुख प्रकट करते हुए कहा कि ताहिर साहब हमेशा भाई चारा, सामाजिक सौहार्द और जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देते थे। श्रद्धांजलि देने वालों में शिया सुन्नी फ्रंट के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ० सरदार ख़ान, ऑल इंडिया मोमिन कांग्रेस के उपाध्यक्ष मोहम्मद शाकिर अंसारी, भाजपा नेता मुस्तफ़ा कुरैशी, मोहम्मद मुशर्रफ़ क़ुरैशी, मोहम्मद कुर्बान, मोहम्मद इमरान, मोहम्मद सद्दाम , सीनियर जर्नलिस्ट गुफ़रान अफ़रीदी, नदीम शेख, डॉ० नफीस क़ुरैशी, हाजी शमीम अंसारी, आरिफ अंसारी, डॉ९ रज़ा और कई पत्रकार व सामाजिक कार्यकर्ता भी शामिल रहे।
परिवार के करीबी लोगों ने मोहम्मद ताहिर को एक विनम्र, सहृदय और सबको साथ लेकर चलने वाला व्यक्ति बताया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लोग लंबे समय तक उनकी कमी महसूस करेंगे।
समुदाय की ओर से खुदा से मोहम्मद ताहिर की मग़फिरत और परिवार को सब्र-ए-जमील देने की दुआ की गई।
Comments
Post a Comment