राम मनोहर मिश्रा को किया गया ‘मोहम्मद रफ़ी मेमोरियल अवार्ड 2026’ से सम्मानित
नई दिल्ली। सुरों के सरताज मोहम्मद रफ़ी की याद में हार्मोनी हेल्थ एंड एजुकेशन फाउंडेशन द्वारा ‘याद-ए-रफ़ी’ शीर्षक से एक भव्य संगीतमय कार्यक्रम का आयोजन लोधी रोड स्थित इंडिया इस्लामिक कल्चरल सेंटर में किया गया। संगीत, संस्कृति और सम्मान के इस विशेष आयोजन में देशभर की अनेक प्रतिष्ठित हस्तियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम की अध्यक्षता फेस ग्रुप के चेयरमैन डॉ. मुश्ताक अंसारी ने की, जबकि दिल्ली पुलिस के अतिरिक्त आयुक्त राजेंद्र सिंह सागर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। फाउंडेशन की अध्यक्ष शबाना अज़ीम और फेस ग्रुप के मैनेजर डॉ. बिलाल अंसारी के नेतृत्व में आयोजित इस कार्यक्रम में विधायक चौधरी ज़ुबैर अहमद, सीनियर एडवोकेट महमूद प्राचा, तिहाड़ जेल के डिप्टी सुपरिटेंडेंट डी.एस. मौर्या, एफएमएस इंफ्राटेक के सीएमडी डॉ. साजिद अहमद, कांग्रेस नेता सैय्यद शाकिर अली, नेशनल कांग्रेस प्रवक्ता रितु चौधरी, दिल्ली अल्पसंख्यक आयोग के चेयरमैन ज़ाकिर ख़ान तथा कृष्णा नगर ज़िला कांग्रेस प्रभारी नफीस मलिक सहित अनेक विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति रही।
इस संगीतमय शाम में जहां कलाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से माहौल को सुरमयी बनाया, वहीं संगीत के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाले कलाकारों को ‘मोहम्मद रफ़ी मेमोरियल अवार्ड 2026’ से सम्मानित किया गया।
इसी क्रम में प्रतिभाशाली प्लेबैक सिंगर राम मनोहर मिश्रा को उनके संगीत जगत में योगदान के लिए इस प्रतिष्ठित सम्मान से नवाजा गया।
राम मनोहर मिश्रा एक समर्पित और प्रतिभाशाली गायक हैं, जिन्होंने अपनी आवाज़ से कई गीतों को जीवन दिया है और संगीत प्रेमियों का दिल जीता है। उनकी गायकी में जुनून और समर्पण साफ झलकता है, जो उनके संगीत के प्रति गहरे लगाव को दर्शाता है। दिल्ली के कई बड़े मंचों पर राम मनोहर मिश्रा को अपनी गायकी का प्रदर्शन करते देखा गया जहाँ दर्शकों ने दिल खोलकर उनकी प्रतिभा की प्रशंसा की।
संगीत के माध्यम से सौहार्द और एकता का संदेश फैलाने में उनके योगदान को देखते हुए उन्हें ‘मोहम्मद रफ़ी मेमोरियल अवार्ड 2026’ से सम्मानित किया जाना उनके कला-सफर की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
Comments
Post a Comment