प्रोफ़ेसर हकीम शाकिर जमील को किया गया हकीम ताज़ुद्दीन नेशनल हेल्थ अवार्ड से सम्मानित
नई दिल्ली, 13 दिसंबर। फेस ग्रुप द्वारा आयोजित फेस नेशनल हेल्थ अवार्ड 2025 का भव्य समारोह राजधानी दिल्ली स्थित कंस्टीट्यूशन क्लब ऑफ़ इंडिया में संपन्न हुआ। इस राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम में देशभर से आए स्वास्थ्य सेवकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और विशिष्ट अतिथियों की उपस्थिति ने आयोजन को विशेष बना दिया। इस अवसर पर “हेल्थ अवेयरनेस फॉर ए बेटर टूमारो” विषय पर गोष्ठी भी आयोजित की गई।
इस अवसर पर स्वास्थ्य सेवा और सामाजिक उत्थान के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली हस्तियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना और सेवा भावना को प्रोत्साहित करना रहा।
कार्यक्रम में दिल्ली पुलिस के विशेष आयुक्त (विजिलेंस विभाग) अजय चौधरी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि समारोह की अध्यक्षता सर्व समाज राष्ट्रीय महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ताहिर सिद्दीकी ने की।
फेस ग्रुप के चेयरमैन डॉ. मुश्ताक अंसारी के नेतृत्व और डॉ. बिलाल अंसारी व शबाना अज़ीम के प्रबंधन में आयोजित इस समारोह में कई विशिष्ट अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
समारोह में प्रो. (हकीम) शाकिर जमील को ‘हकीम ताजुद्दीन हाशमी नेशनल हेल्थ अवार्ड’ से सम्मानित किया गया। हम आपको बता दें कि प्रोफेसर शाकीर जमील शाहीन बाग स्थित यूनानी मेडिकल सेंटर तथा साकेत स्थित आयुषमेड हेल्थकेयर में सीनियर कंसल्टेंट के रूप में सेवाएं दे रहे हैं। वे फेडरेशन ऑफ होलिस्टिक एंड ट्रेडिशनल मेडिसिन के निदेशक भी हैं।
प्रोफ़ेसर हकीम शाकिर जमील इससे पूर्व आयुष मंत्रालय के अंतर्गत सीसीआरयूएम (CCURUM) के डायरेक्टर जनरल के पद पर भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं। यूनानी चिकित्सा क्षेत्र में उनके दीर्घ अनुभव और उत्कृष्ट योगदान के लिए उन्हें आयुष मंत्रालय द्वारा लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड तथा अबू धाबी से शेख जायद इंटरनेशनल अवार्ड सहित अनेक प्रतिष्ठित सम्मानों से नवाजा जा चुका है। प्रो. (हकीम) शाकिर जमील ने वर्षों से समर्पण और कड़ी मेहनत के साथ यूनानी चिकित्सा पद्धति को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनका योगदान चिकित्सा जगत के लिए प्रेरणास्रोत है।
समारोह के अंत में आयोजकों ने उनके बहुमूल्य योगदान की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया और उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।
खुशनसीब अंसारी
Comments
Post a Comment