मोहिनी का स्वास्थ्य सेवाओं के मद्देनज़र किया गया विशेष सम्मान

 


नई दिल्ली। सुरों के सरताज मोहम्मद रफ़ी की स्मृति को समर्पित ‘याद-ए-रफ़ी’ शीर्षक से एक भव्य और भावनात्मक संगीतमय कार्यक्रम का आयोजन हार्मोनी हेल्थ एंड एजुकेशन फाउंडेशन द्वारा लोधी रोड स्थित इंडिया इस्लामिक कल्चरल सेंटर में बड़े ही गरिमामय वातावरण में किया गया। यह आयोजन केवल संगीत का कार्यक्रम नहीं, बल्कि कला, संस्कृति, सामाजिक एकता और मानवीय मूल्यों का उत्सव बनकर सामने आया, जिसमें देश के विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े प्रतिष्ठित व्यक्तित्वों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।


कार्यक्रम में मोहम्मद रफ़ी के अमर गीतों के माध्यम से उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। मंच पर प्रस्तुत कलाकारों ने अपनी सुरीली आवाज़ से ऐसा समां बांधा कि उपस्थित दर्शक मंत्रमुग्ध हो उठे। पूरा सभागार रफ़ी साहब की यादों में डूबा नजर आया और संगीत प्रेमियों ने इस संध्या का भरपूर आनंद लिया।


इस गरिमामयी आयोजन की अध्यक्षता फेस ग्रुप के चेयरमैन डॉ. मुश्ताक अंसारी ने की, जबकि दिल्ली पुलिस के अतिरिक्त आयुक्त राजेंद्र सिंह सागर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन और आयोजन फाउंडेशन की अध्यक्ष शबाना अज़ीम तथा फेस ग्रुप के मैनेजर डॉ. बिलाल अंसारी के कुशल नेतृत्व में संपन्न हुआ।


इस अवसर पर कई गणमान्य अतिथियों ने अपनी उपस्थिति से कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। इनमें विधायक चौधरी ज़ुबैर अहमद, सीनियर एडवोकेट महमूद प्राचा, तिहाड़ जेल के डिप्टी सुपरिटेंडेंट डी.एस. मौर्या, एफएमएस इंफ्राटेक के सीएमडी डॉ. साजिद अहमद, कांग्रेस नेता सैय्यद शाकिर अली, नेशनल कांग्रेस प्रवक्ता रितु चौधरी, दिल्ली अल्पसंख्यक आयोग के चेयरमैन ज़ाकिर ख़ान तथा कृष्णा नगर ज़िला कांग्रेस प्रभारी नफीस मलिक सहित कई प्रमुख हस्तियां शामिल रहीं।


इसी कड़ी में कार्यक्रम के दौरान समाज सेवा और स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तित्वों को सम्मानित भी किया गया। स्वास्थ्य सेवा के क्षेत्र से जुड़ीं मोहिनी को भी उनके सराहनीय कार्यों के लिए विशेष रूप से ‘गेस्ट ऑफ ऑनर’ के रूप में सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें एफएमएस इंफ्राटेक के सीएमडी डॉ. साजिद अहमद, फेस ग्रुप के प्रबंधक डॉ. बिलाल अंसारी तथा फाउंडेशन की प्रेसिडेंट एवं इवेंट ऑर्गनाइज़र शबाना अज़ीम के करकमलों द्वारा प्रदान किया गया।


मोहिनी का कार्य विशेष रूप से उल्लेखनीय है, क्योंकि वे लेज़र थेरेपी के माध्यम से जोड़ों के दर्द से पीड़ित मरीजों का उपचार कर रही हैं। आधुनिक तकनीक का उपयोग करते हुए वे न केवल मरीजों को राहत प्रदान कर रही हैं, बल्कि उन्हें बेहतर जीवन जीने की दिशा में भी प्रेरित कर रही हैं। उनके उपचार से लाभान्वित हुए कई मरीजों ने उनके कार्य की सराहना की है।


स्वास्थ्य सेवाओं के साथ-साथ मोहिनी समाज सेवा के क्षेत्र में भी सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। विशेष रूप से महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए उनके प्रयास सराहनीय हैं। वे समय-समय पर जागरूकता अभियान, हेल्थ कैंप और सामाजिक कार्यक्रमों के माध्यम से समाज के कमजोर वर्गों तक सहायता पहुंचाने का कार्य करती हैं। उनके इस समर्पण और सेवा भावना ने उन्हें समाज में एक प्रेरणादायक व्यक्तित्व के रूप में स्थापित किया है।


मोहिनी को उनके उत्कृष्ट कार्यों और समाज के प्रति समर्पण के लिए पूर्व में भी कई प्रतिष्ठित पुरस्कारों से सम्मानित किया जा चुका है। ‘याद-ए-रफ़ी’ जैसे प्रतिष्ठित मंच पर उन्हें मिला यह सम्मान उनके कार्यों की एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

उज़मा अंसारी

Comments

Popular posts from this blog

शिक्षा और चिकित्सा क्षेत्र के प्रतिष्ठित विद्वान डॉ. खुर्शीद अहमद अंसारी सम्मानित

JitikD — A Brand by Jitika Devi Makes a Defining Statement

दि वायरल वाइब अवॉर्ड सेरेमनी कार्यक्रम में 100 से अधिक इन्फ्लूएंसर हुए सम्मानित