समाजसेवा और शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान पर मौलाना अब्दुल माजिद को किया गया मानद डॉक्टरेट से सम्मानित

 

नई दिल्ली।

शिक्षा, समाजसेवा और जनकल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाली प्रतिष्ठित हस्तियों को सम्मानित करने के उद्देश्य से फेस ग्रुप एवं कनाडा स्थित ग्लोबल काउंसिल ऑफ़ इंटीग्रेटिव मेडिकल साइंसेज़ (जी.सी.आई.एम.एस.) के संयुक्त तत्वावधान में एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस गरिमामय अवसर पर समाजसेवी एवं इंटरनेशनल ट्रेवल व्यवसायी मौलाना अब्दुल माजिद को उनके बहुमूल्य योगदान के लिए मानद डॉक्टरेट (Honorary Doctorate) की उपाधि से सम्मानित किया गया।


यह भव्य कार्यक्रम 5 जनवरी को लोधी रोड स्थित इंडिया इस्लामिक कल्चरल सेंटर में आयोजित हुआ, जिसमें देश-विदेश से आईं कई विशिष्ट हस्तियों, शिक्षाविदों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का माहौल अत्यंत प्रेरणादायक और उत्साहपूर्ण रहा, जहाँ समाज में सकारात्मक बदलाव लाने वाले व्यक्तित्वों के कार्यों को सराहा गया।


समारोह में मौलाना अब्दुल मजीद को भी उनके समाज के प्रति समर्पण, सामाजिक एकता को सुदृढ़ करने के प्रयासों तथा व्यवसायिक क्षेत्र में उत्कृष्ट नेतृत्व के लिए सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन व्यक्तियों को समर्पित था जिन्होंने अपने कार्यों से समाज में प्रेरणा और जागरूकता का संचार किया है।


मौलाना अब्दुल माजिद एक शांत, विनम्र और मिलनसार व्यक्तित्व के धनी हैं। वे न केवल एक सफल इंटरनेशनल ट्रेवल व्यवसायी हैं, बल्कि एक समर्पित समाजसेवी के रूप में भी अपनी पहचान बना चुके हैं। उन्होंने अपने कार्यों के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन लाने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। विशेष रूप से वे सामाजिक सद्भाव, भाईचारे और आपसी सहयोग को बढ़ावा देने के लिए निरंतर सक्रिय रहते हैं।


शिक्षा के क्षेत्र में भी उनका योगदान अत्यंत सराहनीय है। वे उन लोगों के लिए, जो शिक्षा से वंचित रह जाते हैं, इस्लामिक और आधुनिक (मॉडर्न) दोनों प्रकार की शिक्षा उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उनका मानना है कि शिक्षा ही समाज को आगे बढ़ाने का सबसे सशक्त माध्यम है, और इसी सोच के साथ वे लगातार जरूरतमंदों की मदद करते आ रहे हैं।


कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में दिल्ली पुलिस के अतिरिक्त पुलिस आयुक्त राजेंद्र सिंह सागर (आई.पी.एस.) उपस्थित रहे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि इस प्रकार के सम्मान न केवल व्यक्तियों के योगदान को मान्यता देते हैं, बल्कि समाज में अन्य लोगों को भी प्रेरित करते हैं कि वे सकारात्मक दिशा में कार्य करें और समाज के विकास में अपनी भूमिका निभाएं।


कार्यक्रम की अध्यक्षता फेस ग्रुप के चेयरमैन डॉ. मुश्ताक अंसारी ने की। अपने संबोधन में उन्होंने सभी सम्मानित व्यक्तित्वों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे लोग समाज के लिए प्रेरणा स्रोत होते हैं, जो निःस्वार्थ भाव से सेवा करते हुए एक बेहतर समाज के निर्माण में योगदान देते हैं।


जी.सी.आई.एम.एस. (कनाडा) के प्रतिनिधियों ने जानकारी दी कि मानद डॉक्टरेट की यह उपाधि उन विशिष्ट व्यक्तियों को प्रदान की जाती है, जिन्होंने अपने-अपने क्षेत्रों में असाधारण सेवा, नेतृत्व क्षमता और समाज कल्याण के लिए अनुकरणीय कार्य किए हैं। यह सम्मान उनके समर्पण, परिश्रम और समाज के प्रति उनकी जिम्मेदारी का प्रतीक है।

शबाना अज़ीम

Comments

Popular posts from this blog

शिक्षा और चिकित्सा क्षेत्र के प्रतिष्ठित विद्वान डॉ. खुर्शीद अहमद अंसारी सम्मानित

JitikD — A Brand by Jitika Devi Makes a Defining Statement

दि वायरल वाइब अवॉर्ड सेरेमनी कार्यक्रम में 100 से अधिक इन्फ्लूएंसर हुए सम्मानित